कंदवा क्षेत्र के जमुड़ा से केतकहनी गांव तक सड़क निर्माण के नाम पर कार्यदायी संस्था 10 माह पूर्व गिट्टी डालकर गायब हो गई है। बिखरी गिट्टियों के चलते लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने कई बार विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने 10 माह पूर्व जमुड़ा से केतकहनी गांव तक करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराने के लिए कार्यदायी संस्था ने कार्य शुरु कराया था। गिट्टी बिछाने के बाद काम बंद कर कार्यदायी संस्था गायब हो गई है। 10 माह बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है जिससे मार्ग पर गिट्टियों बिखर गई हैं और लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के मनीष सिंह मानू, चिंटू सिंह, भल्ला सिंह, ओम प्रकाश बिंद, सियाराम बिंद, बीजाधार बिंद, गया बिंद आदि ने बताया कि बिखरी गिट्टियों और उड़तीते धूल के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग का निर्माण जल्द कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि शीघ्र सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।