लगभग चार साल से अस्थाई कनेक्शन पर पार्वती अपार्टमेंट में जल रही बिजली लाइन सोमवार को काट दी गयी।अपार्टमेंट में पिछले लगभग नौ माह का 77 हजार रुपये बिजली बकाया था। बिजली बिल बकाया पर पार्वती अपार्टमेंट की बिजली लाइन काटने से बिलबिलाए लोगों ने किला मार्ग स्थित बिजली उपखंड पर हंगामा किया।हंगामा करने वाले लोगों का कहना है कि बिल्डर बिजली विभाग की मिलीभगत से लगभग चार वर्षों से अस्थायी कनेक्शन के नाम पर बिजली जला रहा था।जब कनेक्शन के लिए बिल्डर से कहां जाता था तो जल्दी करा देते हैं बोल कर मामले को टाल देते थे।इस बाबत एसडीओ केके गुप्ता का कहना है कि बकाया पर बिजली लाइन काटी गयी है।पूरा भुगतान होने पर ही बिजली लाइन जोड़ा जायेगा।हंगामा कर रहे लोगों का कहना है कि अपार्टमेंट में रहने वाले लोग तत्काल में बकाया राशि का 25 प्रतिशत जमा कर बिजली लाइन जोड़ने की गुहार लगा रहे है।दुकानदार तो दुकान बंद कर देंगे लेकिन उसमें रहने वाले लोगों को इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ेगी।समाचार दिये जाने तक बिजली कनेक्शन जोड़ने की मांग को लेकर अपार्टमेंट के लोग उपखंड पर डटे रहे।