उन्नाव शुक्लागंज के सहजनी तिराहे पर सोमवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और एक बाइक सवार घायल हो गए। घटना के बाद चालक डंपर को पकड़ने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और उन्नाव-सहजनी मार्ग के बीच चालक और डंपर दोनों को जब्त कर लिया। घायल पत्नी और बाइक सवार को जिला अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार डंपर में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद सहजनी तिराहे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।