चमरौली गांव में ट्रक चालक की हत्या उसी की पत्नी ने ही 40 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। उसका कहना था पति नशे में आए दिन उससे और बच्चे से मारपीट करता था। इसी से आजिज आकर उसने दो युवकों से उसकी हत्या करा दी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 10,950 रुपये भी बरामद किए हैं। अजगैन कोतवाली के चमरौली गांव निवासी ट्रक चालक श्रीकांत उर्फ जगली (35) का 19 मार्च को गांव के बाहर गेहूं के खेत में शव मिला था। दोनों हाथ पीछे साड़ी से बंधे थे। पोस्टमार्टम में पसली टूटी थी। शरीर पर बाहरी चोट न नहीं थी। मां सुंदारा ने श्रीकांत की पत्नी सुखरानी और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सुखरानी के फोन की सीडीआर निकलवाई तो हत्या की वारदात परत दर परत खुलती चली गई। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि कॉल डिटेल के आधार पर सुखरानी से पूछताछ की गई तो उसने सच उगल दिया। बताया कि श्रीकांत से उसने प्रेम विवाह किया था। एक बच्चा भी है लेकिन शादी के कुछ समय बाद उसका बर्ताव बदल गया। वह उस पर शक करने के साथ ही अक्सर नशे में उसे और बच्चे को पीटता था। इससे परेशान होकर हत्या की साजिश रच डाली। इसके लिए उसने 40 हजार रुपये की सुपारी माखी थाना के चितौली गांव निवासी परिचित अंकित यादव और अजगैन के सधीरा गांव निवासी मोहित सिंह को दी थी। दोनों ने 20-20 हजार रुपये मांगे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार की सुबह चमरौली बाजार से कुछ दूर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुखरानी और अंकित यादव के पास से एक-एक मोबाइल बरामद किया है। अंकित के पास से सुपारी की रकम के बचे 5,250 रुपये और मोहित सिंह के पास से 5,700 रुपये भी बरामद किए हैं। कोतवाल ने बताया कि तीनों को हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित अन्य धाराओं में नामजद करते हुए अदालत में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।