कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर व वार्डन डॉ. आरुणी सिंह पर बम से हमला करने का मामला सामने आया है। उन्होंने बीटेक प्रथम वर्ष के नौ छात्रों पर हमले का संदेह जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। प्रो. आरुणी सिंह विक्रम साराभाई छात्रावास के वार्डन हैं। उनके मुताबिक मंगलवार रात वह वार्डन कक्ष में कुछ काम कर रहे थे। उन्होंने रात करीब 1:40 बजे बाथरूम की लाइट जलाई, तभी खिड़की पर बम से हमला किया गया, जिसमें खिड़की का शीशा टूट गया। खिड़की पर लगा पर्दा भी फट गया। गनीमत रही कि हमले में वह बच गए। वार्डन बुधवार को कोतवाली पहुंचे और छात्रावास के प्रथम व द्वितीय तल पर रहने वाले बीटेक के नौ छात्रों पर हमला करने का संदेह जताते हुए तहरीर दी है। कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।