सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली के नोनरा बाजार के पास सोमवार को भोर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी करके दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि तीन अप्रैल को मुड़ीलाडीह गांव में राकेश विश्वकर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में महिला समेत 10 आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। कुछ दिन पहले ही एक हत्यारोपी को मुठभेड़ में पकड़ा गया था। इनके अलावा रामसागर नाम के हिस्ट्रीशीटर को भी जेल भेजा गया, जिसके ऊपर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी केस में करीब डेढ़ महीने से अजय और दिवाकर की तलाश की जा रही थी। नोनरा बाजार के पास मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।