यूपी के सुल्तानपुर में शनिवार देर रात किराना एवं जनरल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से लाखों रुपये का सामान जल गया। मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही। घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र स्थित कालीगंज बाजार की है। दुकान विभारपुर निवासी शरद जायसवाल की है। वह कालीगंज बाजार स्थित मकान में थोक और फुटकर व्यापार करते हैं। वर्तमान में शरद का परिवार दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं सिंहपुर बाजार में रहता है। शरद ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लग गई। रविवार तड़के लगभग 4.30 बजे दुकान के अंदर से तेज धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले। दुकान से आग की लपटें और धुआं उठता देख फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। हमें भी सूचना दी गई। आग की सूचना मौके पर लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि दुकान का लोहे का शटर भी लाल हो गया था। इससे कोई भी पास जाकर आग बुझाने का साहस नहीं कर सका। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस दौरान उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। शरद जायसवाल के अनुसार, लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, मकान की ऊपरी छत टूट गई है और पूरा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।