सुल्तानपुर में रामपुर गांव में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी की मां के निधन पर शोक संवेदना जताने सोमवार की देर शाम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी का पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और अरविंद केजरीवाल के विकास के दावों को झूठा करार दिया। अजय राय ने सीएम योगी आदित्यनाथ के डेंटिंग-पेंटिंग वाले बयान पर कहा कि महाकुंभ सदियों से चला आ रहा है और ये आस्था का प्रश्न है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में सपा के आप को समर्थन देने और कांग्रेस के अलग चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि दिल्ली की दुर्दशा सभी देख सकते हैं। जितने लोग दिल्ली गए होंगे, उन्होंने देखा होगा कि शीला दीक्षित के समय की दिल्ली और आज की दिल्ली, कांग्रेस के समय की दिल्ली में जमीन आसमान का अंतर है। डॉ. आंबेडकर को लेकर गृहमंत्री के सदन में दिए गए कथित बयान को लेकर अजय राय ने अमित शाह का नाम लिए बगैर कहा कि आपके दिल की जो बात थी, वह जुबां पर आ गई। जब दिल की बात जुबां पर आ जाती है तो उसका पटाक्षेप नहीं होता है। वह जितना उसे ढ़कने का प्रयास करेंगे, वह उतना बढ़ती चली जाएगी। अमित शाह माफी मांगे और इस्तीफा दें। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, रणजीत सिंह सलूजा, ओपी चौधरी व पवन मिश्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।