उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उपशाखा दुद्धी का संगठनात्मक चुनाव मंगलवार को तहसील सभागार में संपन्न हुआ। चुनाव में विनय कुमार गुप्ता तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि तहसील मंत्री पद पर लालबाबू सरोज ने दोबारा जीत दर्ज की। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए विनय कुमार गुप्ता और संतोष कुमार यादव के बीच मुकाबला हुआ। कुल 96 मतों में से 84 मत पड़े, जिसमें विनय गुप्ता को 47 और संतोष यादव को 37 मत मिले। वहीं तहसील मंत्री पद के लिए लालबाबू सरोज को 54 तथा अंकित सिंह को 30 मत प्राप्त हुए। अन्य पदों पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुंदन कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, उपमंत्री विनय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मालाधारी सिंह और लेखा परीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह निर्विरोध चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का साथियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। सभी ने संगठन हित में कार्य करने और सदस्यों की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। चुनाव प्रक्रिया जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह, जिलामंत्री अमित कुमार शुक्ल सहित जिला पदाधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान तहसीलदार अंजनी गुप्ता, विनय सिंह, शास्वत द्विवेदी, मणीन्द्र तिवारी, धर्मबीर सागर, नीरज कुमार अनूप यादव, अश्वनी पटेल, प्रभात पटेल, मोहित कुमार, आदर्श आदि मौजूद रहे।