सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को रॉबर्ट्सगंज के आरटीएस चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं और दलितों पर अत्याचार तेजी से बढ़ा है। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में यूपी सबसे ऊपर है। यहां महिलाओं पर अत्याचार के 66 हजार से अधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सोनभद्र में आए दिन चोरी, मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और पिछड़ों के अधिकारों का हनन कर रही है। इस मौके पर छोटे लाल भारती, बचाउ बियार, राजकुमार चौहान, जुनैद अंसारी, भोले गुप्ता, मुन्ना कुशवाहा, विवेक सिंह, सुराली पनिका, रमेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।