पीएम मोदी की ओर से ईंधन बचाने की अपील का असर जिले में दिखने लगा है। शनिवार को रॉबर्ट्सगंज के भाजपा विधायक भूपेश चौबे ई-रिक्शा में सवार होकर बिजली निगम के दफ्तर पहुंचे। निगम के अफसरों से मिलकर आंधी से चरमराई बिजली व्यवस्था की वस्तुस्थिति जानी। उसके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने वैश्विक स्तर पर बढ़ते ईंधन संकट और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की। बैटरी चालित वाहनों और सार्वजनिक परिवहन साधनों के उपयोग पर जोर दिया। विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि 13 मई को आए आंधी-तूफान से विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई बिजली के पोल, खंभे और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसकी समीक्षा के लिए वह विद्युत निगम कार्यालय पहुंचे थे और इस दौरान बैटरी चालित वाहन का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय से सौर ऊर्जा और स्वदेशी संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। ऊर्जा संकट के इस दौर में ईंधन की बचत से देश को आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी मुद्रा की बचत में मदद मिलेगी। कहा कि नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक साधनों को अपनाने का आह्वान किया है। इसी प्रेरणा से उन्होंने स्वयं रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र, चुर्क और आसपास के इलाकों में आवागमन के लिए बैटरी वाहन और सार्वजनिक साधनों के उपयोग का निर्णय लिया है। इस दौरान विधायक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देशहित से जुड़े मुद्दों का मजाक उड़ाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण समय की आवश्यकता है और सभी नागरिकों को इसमें योगदान देना चाहिए।