मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शु्क्रवार को स्थानीय रेलवे मैदान में 171 जोड़ों का विवाह हुआ। इसमें 169 हिंदू और दो मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। रेलवे मैदान में आयोजित विवाह समारोह को लेकर सुबह से ही वर-वधू और उनके परिवार के सदस्य मंडप में पहुंचने लगे थे। योजना के तहत कुल 188 जोड़ों की शादी का लक्ष्य निर्धारित था। हालांकि बायोमेट्रिक व रेटिना स्कैनिंग के बाद पात्र मिले 171 जोड़ों की शादी कराई गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, विधायक सदर भूपेश चौबे, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कन्यादान किया। धूमधाम से बरात आई। इसका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। प्रत्येक जोड़े को योजना के अनुसार पायल, बिछिया, साड़ी सेट, बर्तन व गृहस्थी के अन्य सामान दिए गए। इस मौके पर डीएम बद्रीनाथ सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, डीआईओएस जयराम सिंह आदि मौजूद रहे।