सोनभद्र जिले में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने सोमवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचकर बकाया मानदेय भुगतान की मांग। छह सूत्री ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई। सीडीओ से मिलकर भी ज्ञापन दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से मानदेय नहीं मिल रहा। पीबीआई (परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव), टीए और कम्युनिकेशन खर्च का भुगतान भी लंबित है। सभी सीएचओ सरकारी कार्यक्रमों को पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं। भुगतान बाधित होने से परिवार का भरण-पोषण संकट में है। उन्होंने यह भी शिकायत की कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र पर नियुक्ति होने के बाद भी उन्हें 40 किलोमीटर दूर तक कार्यक्रमों में ड्यूटी दे दी जाती है, जिससे मूल कार्य प्रभावित होता है। जिलाध्यक्ष दीपक चौहान ने कहा कि विभाग की उदासीनता परेशान करने वाली है और जल्द भुगतान न हुआ तो आंदोलन पर उतरने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में प्रीति यादव, रोहित, शैलेश, अतुल, संदीप, विनोद, दिलीप, शिवम, सौरभ, अविनाश आदि शामिल रहे।