सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के इमरती कॉलोनी के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग किनारे खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। उसे धू-धू कर जलता देख आस-पास के लोग वाहन लेकर भाग खड़े हुए। टंकी में पेट्रोल के चलते कहीं मौके पर ब्लास्ट की स्थिति न बन जाए, इस डर से अन्य लोग भी दूरी बनाए रहे। फायर बिग्रेड दस्ता मौके पर पहुंचा, तब आग पर काबू पाया गया। आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के गुजैनिया गांव निवासी सुंदरम पांडेय कार बुकिंग के लिए बाइक लेकर इमरती कॉलोनी के पास हाईवे किनारे स्थित एजेंसी के दफ्तर पर पहुंचे थे। शोरूम के बाहर बाइक खड़ी करने के बाद अंदर चले गए और वहां काउंटर पर जाकर कार बुकिंग के लिए बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद बाहर खड़े बाइक पर नजर पड़ी तो लोग अवाक रह गए। बाइक धू-धूकर जल रहा था। इसके चलते मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। वहां मौजूद लोग अपनी बाइक-कार लेकर दूसरी तरफ लोग गए। तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इसकी जानकारी फायर बिग्रेड को दी। पहुंचे दस्ते ने आग पर काबू पाया तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी।