स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे बलरामपुर बिग बैश क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला गया। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिया चैंबर क्लब सीतापुर की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम को 75 हजार रुपये व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। बिग बैश क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच पुलिस लाइन गोंडा व जिया चैंबर क्लब सीतापुर की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस लाइन गोंडा की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 73 रन बनाए। 74 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीतापुर की टीम ने चौथे ओवर में ही आठ विकेट से मैच जीत लिया। फाइनल मैच में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले सीतापुर के खिलाड़ी विशाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसी तरह पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोंडा के खिलाड़ी ऋषभ को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। विजेता व उप विजेता टीमों को मुख्य अतिथियों ने ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कमेंटेटर प्रयाग भास्कर सिद्धार्थनगर, एंपायर कारिद वारसी, संदीप सिंह राजपूत व गुड्डू आदि मौजूद रहे।