अमारे भरिया के मजरा श्रीजोत निवासी चार किशोर भाई बहन शनिवार को रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। मामले में पिता की ओर से कटरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जिन्हें कटरा पुलिस ने बौद्ध परिपथ स्थित पेटहरिया पुल से मां के साथ खोज निकाला। नवीन मार्डन थाना क्षेत्र कटरा के ग्राम अमारे भरिया के मजरा श्रीजोत निवासी राम दुलारे का किसी बात को लेकर पत्नी राधा देवी से विवाद चल रहा है। जो कई माह पूर्व घर छोड़ कर चली गई थी। शनिवार को उसकी पुत्री जूली (17), तारा (15), आरपी (9) व पुत्र राव उर्फ दीन दयाल (11) रहस्यमय ढंग से घर से लापता हो गए थे। तमाम तलाश के बाद भी बच्चों का पता न चलने पर राम दुलारे ने सोमवार को कटरा थाने में बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराया था। जिन्हें थाना प्रभारी कटरा गणनाथ प्रसाद ने मुखबिर की सूचना पर बौद्ध परिपथ स्थित थाना क्षेत्र के पेटहरिया पुल से खोज निकाला। पुलिस का कहना था कि यह सभी बच्चे अपनी मां के पास गए थे। इस दौरान मां भी बच्चों के साथ थी। सभी बच्चों को आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला आरक्षी रवीना के सुपुर्द किया गया है।