कांवड़ यात्रा अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। शामली से होकर गुजरने वाले कांवड़ मार्ग पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इसी के साथ अब डाक कांवड़ भी शुरू हो गई है। रविवार को मुजफ्फरनगर रोड पर कलश कांवड़ के साथ डाक कांवड़ और अन्य स्वरूपों में कांवड़ लेकर जाते शिवभक्त नजर आए। डाक कांवड़िये तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखाई दिए। कांवड़ मार्ग पर हर ओर बोल बम-बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं। शिवभक्तों में लंबी यात्रा के बावजूद उत्साह बना हुआ है और बढ़ती भीड़ के साथ कांवड़ मार्ग पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है।