शामली जनपद में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। सुबह करीब 8:15 बजे शुरू हुई बारिश दोपहर तक जारी रही। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के चलते खेतों में पानी की आपूर्ति बढ़ने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि यह बारिश खरीफ फसलों जैसे धान, मक्का और गन्ने के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। लंबे समय से बारिश की कमी से चिंतित किसान अब राहत की सांस ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी पानी भराव की कुछ शिकायतें मिली हैं, लेकिन कुल मिलाकर बारिश को फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में बारिश जारी रहने की संभावना है।