कांवड़ यात्रा में शिवभक्त अलग-अलग मनोकामनाओं के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों निवासी शिवभक्त अनिल अपने चार साथियों के साथ कांवड़ लेकर शामली पहुंचे। यहां उन्होंने कैराना रोड स्थित सेवा शिविर में कुछ देर विश्राम किया। अनिल ने बताया कि वह भगवान शिव से देश के किसानों की खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं। उनकी कामना है कि देश में कोई किसान परेशानी से तंग आकर आत्महत्या न करे। इसके साथ ही वह गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने और देश के सैनिकों की सुरक्षा की भी कामना कर रहे हैं। अनिल ने कहा कि उनकी इच्छा है कि कोई भी फौजी भाई शहीद न हो और देश के सैनिक हमेशा सुरक्षित रहें। इन्हीं मनोकामनाओं के साथ वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे हैं। कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों की अलग-अलग आस्था और मनोकामनाएं इस यात्रा को खास बना रही हैं। कोई परिवार की खुशहाली तो कोई देश, किसानों और सैनिकों की सलामती के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है।