शामली में सावन की शिवरात्रि पर जिलेभर के मंदिरों, शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ गया। मंदिरों में हर हर महादेव, ओम नम: शिवाय, बोल बम, बम-बम के जयघोष गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पूरे दिन का शिवरात्रि का व्रत रखकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। विधि विधान से पूजा अर्चना करके मनोकामनाएं मांगी। बुधवार को सुबह तीन बजे से शहर के शिव चौक, हनुमान धाम मनकामेश्वर मंदिर, भाकूवाला, कैराना रोड गुलजारी वाला शिवालय, नौकुआ भूमिया खेडा मंदिर, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर आदि मंदिराें में श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष की विशेष-पूजा अर्चना करते हुए जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने फल, बेलपत्र, भांग-धतूरा चढ़ाते हुए दूध, दही, गंगाजल, शहद, जल आदि से रूद्रभिषेक किया। हरिद्वार और पुरा महादेव से जलाभिषेक और विशेष पूजा अर्चना करने के बाद लौटे शिवभक्तों ने शहर के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ जलाभिषेक किया। श्री हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी और गुलजारी शिव मंदिर के सेवादार महेश धीमान, सतेंद्र धिरियान ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रही। इनके अलावा कैराना, जलालाबाद, ऊन, थानाभवन, झिंझाना, गढ़ीपुख्ता , बाबरी के मंदिरों में भी श्रद्धालुओें की भीड़ लगी रही।