शाहजहांपुर में निर्वाचन सूचियों में अनियमिमता के विरोध में सोमवार को युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जुलूस निकालकर जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया। निर्वाचन कार्यालय घेरने जा रहे कांग्रेसियों को शहीदों की प्रतिमाओं के पास रोका गया। इस बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया गया। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रामजी अवस्थी व शहर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रहीम दाद खान के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ता टाउन हॉल स्थित कार्यालय से नारेबाजी करते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय का घेराव करने निकले। पुलिस ने नगर निगम के पास शहीदों की प्रतिमाओं के पास रोक लिया। यहां पर रामजी अवस्थी की पुलिस से नोकझोंक हुई। इसके बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया। इसमें शाहजहांपुर में संविधान का उल्लंघन करते हुए वोटर सूची में अनियमितताएं, दोहरे मतदाता पंजीकरण, गलत ढंग से वोट निर्माण, एक ही परिवार के मतदाताओं के अलग-अलग बूथों पर पंजीकरण की जांच कराने की मांग की गई।