शाहजहांपुर में दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर सपा दिव्यांग सभा ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार को दिया। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के साथ पहुंचे दिव्यांगों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन को एक हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने, दिव्यांगों को आवास व शौचालय दिलाने, रोडवेज बस में अभद्रता करने वाले चालक और परिचालकों पर कार्रवाई करने, दिव्यांगों को सरकारी परिसरों में गुमटी, दुकान, कैंटीन का ठेका दिलाने आदि की मांग की गई। दिव्यांग सभा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, मुकेश यादव, पार्थ यादव, मोरपाल सिंह, रामकुमार, रीना देवी वाल्मीकि, नन्ही देवी, सईद अनवर, गीता देवी, रामकिशन आदि मौजूद रहे।