मोबाइल टावर से उपकरण चोरी कर विदेश में बेचने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये का माल बरामद करने के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक बीसीए पास आरोपी मुंबई में कंपनी बनाकर चोरी का माल थाईलैंड, ताइवान, हांगकांग समेत कई देशों में बिक्री करता था। इससे पहले भी पुलिस उनके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 18 जनवरी को लखीमपुर खीरी जिले के थाना पसगवां के सर्वांगपुर निवासी रंगराजन ने आरसी मिशन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि हरदोई चौराहे के पास स्थित भारती एयरटेल टावर के दो राउटर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने प्रयागराज के ध्रुव द्विवेदी समेत दो को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। राउटर चोरी के बाद पूरी रात कंपनी का नेटवर्क ठप होने व उपकरणों के महंगे होने की जानकारी सामने आने पर एसपी राजेश एस. ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद एसपी ने स्वॉट, एसओजी, सर्विलांस व थाना आरसी मिशन पुलिस की टीम को लगाया। हरदोई बाईपास से सीतापुर तक टोल समेत अन्य जगहों पर सीसीटीवी फुटेज को गंभीरता से जांचा तो वारदात को अंजाम देने वालों तक पहुंच गए। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बृहस्पतिवार को एसपी राजेश एस. ने बताया कि पुलिस ने वाराणसी के थाना चोलापुर के महदा निवासी ब्रजनंदन कुमार उर्फ हैप्पी, कासगंज जिले के थाना पटियाली के नई मुसियार निवासी राजेश, सीतापुर जिले के थाना सिंधौली के गांव जल्लाबाद निवासी प्रीत कुमार सिंह, सर्वेश व कुलदीप उर्फ वीरू को हरदोई बाईपास से कटरा जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। गिरोह के सदस्य औरेया जिले के थाना बिधूना के गांव चकरपुर निवासी अनिल यादव व आंबेडकर नगर के थाना अकबरपुर के गांव जुलहिया निवासी आकाश पांडेय फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के उपकरण व जीप को बरामद किया है। एसपी ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। साथ ही एडीजी से पुरस्कार के लिए अनुरोध किया है।