शाहजहांपुर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। शिवालयों में पूजा-अर्चना करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा विश्वनाथ मंदिर, चौकसी नाथ मंदिर, बनखंडी नाथ मंदिर आदि में भक्तों के आने का सिलसिला सुबह पांच बजे से शुरू हो गया। भक्तों की कतारें लगी रहीं। शिवभक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, फूल, बेलपत्र, धतूरा, शहद, इत्र, भांग एवं अक्षत चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।