शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर जाने वाली रोड स्थित खाली मैदान पर चल रहे राष्ट्रीय एकता विराट दंगल प्रतियोगिता में मंगलवार को भी विभिन्न प्रांत व शहरों से आए पहलवानों के बीच रोचक मुकाबला हुआ। बहेड़ी के टार्जन और अयोध्या से आए बाबा देवदास के बीच हुए दस मिनट के इस रोचक मुकाबले के दौरान टार्जन कई बार भारी पड़े। अंत में देवदास पहलवान ने उन्हें चित कर मुकाबला जीत लिया। इसके बाद दिल्ली के सुमित पहलवान तथा बदायूं के नवाब के बीच मुकाबले में बाजी नवाब के हाथ लगी। कलान के गांव जुआखेड़ा के पहलवान चंद्रसेन और देवा शरीफ के सुल्तान के बीच मुकाबला तय समय पूरा हो जाने पर बराबरी पर छूटा। राजस्थान प्रांत के गढ़ी के पहलवान शाका और कानपुर के बादल के बीच मुकाबला भी काफी रोचक हुआ। इस दौरान शाका ने बादल को शिकस्त दे दी। विजयी पहलवानों को सभासद सोनू भारद्वाज, मोहित श्रीवास्तव, राहुल गुप्ता, बीटू गुप्ता ने नकद धनराशि व प्रतीक चिह्न देकर पुरस्कृत किया। दंगल के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।