शाहजहांपुर में भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के कार्यकर्ताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा को सौंपा। इसमें जनसमस्याओं के निस्तारण की मांग की गई। ज्ञापन के जरिये तहसील अध्यक्ष जदुनाथ सिंह यादव ने बताया कि ग्राम कपूरपुर में रामनिवास के घर के बाहर खंभा लगा हुआ है। इससे वहां पर बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। इसे वहां से हटाया जाए। कांट के ग्राम विसरा में मेन रोड से कमलेश अवस्थी के मोहल्ले तक का मार्ग जर्जर है, जिसकी अतिशीघ्र मरम्मत कराई जाए। ग्राम विक्रमपुर को अभायन फीडर से जोड़ा जाए, जिससे ग्रामवासियों को सुचारु रूप से बिजली मिल सके। गांव में छुट्टा पशुओं की वजह से किसान बहुत परेशान हैं। छुट्टा पशुओं को शीघ्र पकड़ने की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन देने वालों में रूम सिंह, देवेंद्र सिंह, सौरभ यादव, रामसेवक शर्मा, धर्मवीर सिंह यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।