सावन के दूसरे सोमवार को सहारनपुर महानगर से लेकर देहात क्षेत्र तक शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। बारिश के बावजूद मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर दूध, जल, बेलपत्र और भस्म अर्पित की। श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। इसके अलावा श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, गंगा मंदिर, मंडी समिति स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्री ज्ञानेश्वर महादेव, घंटाघर स्थित श्री हनुमान मंदिर, गिल कॉलोनी के श्री नारायण मंदिर और आवास विकास के हरि मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की। मंगलवार को शिवरात्रि होने के चलते मंदिरों में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। भक्तों ने भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।