सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के शहीद-ए-आजम भगत सिंह को लेकर दिए गए बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से विभिन्न संगठनों के लोग धरना-प्रदर्शन कर सांसद के बयान का विरोध जता रहे हैं। गुरुवार को शामली से विजय हिंदुस्तानी नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ अंबाला रोड स्थित सांसद इमरान मसूद के आवास पर पहुंचा, जिसने खुद की जंजीरों से जकड़ रखा था। सुरक्षा की दृष्टि से सांसद इमरान मसूद के आवास पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। ऐसे में जैसे ही विजय हिंदुस्तानी वहां पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। विजय हिंदुस्तानी का कहना है कि वह इमरान मसूद से इतना पूछना है कि शहीद ए आजम भगत सिंह की तुलना हमास से क्यों की। कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति रही। इसके बाद पुलिस अपने साथ थाने लेकर चली गई। उधर, सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिना वजह तमाशा बनाया जा रहा है। शहीद ए आजम भगत सिंह हमारे सिर के ताज है। हमें उन पर गर्व है। बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।