डलमऊ (रायबरेली)। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की परीक्षा में उत्तरपुस्तिकाओं को फाड़ने का आरोप लगाते हुए बुधवार देर शाम परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। परीक्षा केंद्र के बाहर सड़क पर हंगामे की खबर लगते ही पुलिस पहुंची। गुस्साए परीक्षार्थियों को समझा-बुझाकर शांत किया गया। परीक्षार्थियों का आरोप है कि उत्तरपुस्तिका में रुपये लगाए जाने की बात कहते हुए ज्यादातर कॉपियों के पन्ने फाड़े गए। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। मामला डलमऊ कस्बे में जगतपुर मार्ग तिराहे का है, जहां दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद हंगामा हुआ। परीक्षा देकर बाहर निकले इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने कॉपी फाड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया गया कि परीक्षा कक्ष में ड्यूटी कर रहे शिक्षकों ने कॉपी के पन्ने फाड़े हैं। शिक्षकों यह कहते रहे कि कॉपी में रुपये लगाए गए हैं। हंगामे की खबर लगते ही पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया। हंगामा करने वाले परीक्षार्थी न्यू आदर्श इंटर कॉलेज के विद्यार्थी बताए गए हैं। डलमऊ कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने बताया कि कस्बे के एक परीक्षा केंद्र के पास कुछ परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। परीक्षार्थियों का आरोप था कि कुछ उत्तरपुस्तिका में रुपये लगे थे, जिन्हें निकालने के बाद ज्यादातर परीक्षार्थियों की कॉपियों के पन्ने फाड़े गए हैं। परीक्षार्थियों को समझा कर शांत करा दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया कि भागीरथी इंटर कॉलेज के बाहर कुछ परीक्षार्थियों ने पन्ने फाड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है। सच्चाई जानने के लिए जांच कराई जा रही है। हाईस्कूल के परीक्षार्थी ने फाड़ी कॉपी, दूसरी उपलब्ध कराई डलमऊ तहसील क्षेत्र के न्यू आदर्श इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में बुधवार को सुबह पहली पाली में हाईस्कूल के एक परीक्षार्थी ने अपनी कॉपी फाड़ दी। मामला संज्ञान में आने पर अफसरों ने लिखापढ़ी की और दूसरी कॉपी उपलब्ध कराई। बाद में फाड़ी गई कॉपी और दूसरी कॉपी एक साथ सील कर दी गई, जिसे यूपी बोर्ड को भेजा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि न्यू आदर्श इंटर कॉलेज में नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज का हाईस्कूल परीक्षार्थी पहली पाली में परीक्षा दे रहा था। इसी बीच परीक्षार्थी ने कॉपी फाड़ दी। मामले की जानकारी होते ही परीक्षार्थी को दूसरी कॉपी उपलब्ध कराई गई और कक्ष निरीक्षक ने पूरी निगरानी की। परीक्षार्थी ने ऐसा क्यों किया, इस बारे में पता करा रहे हैं। परीक्षार्थी की फटी हुई कॉपी और उपलब्ध कराई गई दूसरी कॉपी को अलग से यूपी बोर्ड भेजा जाएगा। प्रकरण से यूपी बोर्ड को अवगत करा दिया गया है।