मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव में शुक्रवार को बिजली चोरी का वीडियो बनाना पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों को भारी पड़ गया। हमलावरों ने न सिर्फ मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया, बल्कि टीजी टू और संविदा कमियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मामले की जानकारी होने पर मौके पर गए अवर अभियंता व लाइनमैन को भी पीट दिया। पिटाई से जेई समेत पांच लोग घायल हुए हैं। विद्युत उपकेंद्र कलुवाखेड़ा के जेई विजय बहादुर ने बताया कि मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव में राजस्व वसूली के लिए टीजी टू विवेक मिश्रा की अगुवाई में टीम गई थी। गांव के रामऔतार यादव का एक घरेलू और एक नलकूप का कनेक्शन है। घरेलू कनेक्शन पर 25 हजार 55 रुपया बकाया है। बकाया जमा करने के लिए कहा गया। इसी दौरान नलकूप से केबल खींचकर घर में बिजली चोरी हो रही थी। इस बाबत पूछताछ करने और वीडियो बनाने पर उपभोक्ता के परिजन आक्रोशित हो गए। आरोप है कि रामऔतार के बेटे दिलीप यादव, दीपक यादव, उनके रिश्तेदार जीतलाल यादव तथा दो अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करते हुए पीटना शुरू कर दिया। मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया। मारपीट में टीजी टू विवेक मिश्रा, संविदा कर्मी मनोज कुमार, राजकिशोर घायल हो गए। घटना की जानकारी पर अवर अभियंता विजय बहादुर, संविदा कर्मी हरिओम मौके पर गए, तो हमलावरों ने इनके साथ मारपीट की। दूसरे पक्ष से पूनम यादव ने बिजली कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जेई की की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा गया है।