रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के निहस्था गांव के पास रविवार को दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक पर सवार दो भाइयों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जगतपुर भिचकौरा गांव के रहने वाले संजीव (20) और शिवाकांत (17) बाइक से अपने ननिहाल जा रहे थे। दूसरी ओर नंदा खेड़ा गांव निवासी सक्षम वाजपेई (17) निहस्था से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लाला खेड़ा मोड़ के पास दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने तुरंत अपने वाहन से सभी घायलों को सीएचसी पहुँचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।