रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के नुनैरा गांव निवासी मजदूर रंजीत लोधी (35) पुत्र बिहारी लोध की ससुराल कुम्हारन खेड़ा मजरे मदनापुर में है। रंजीत बुधवार की सुबह ससुराल के खेतों में धान की रोपाई कराने के लिए गया था। जहां दोपहर में मजदूरों की छुट्टी होने के बाद वह अमरूद के पेड़ में चढ़कर अमरूद तोड़ने लगा । इसी दौरान अमरूद के पेड़ की डाल टूट गयी। जिससे वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया। पत्नी बिटोली ने अन्य परिजनों के सहयोग से उसे सीएचसी खीरों पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टर राहुल घोष ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटना से मृतक की पत्नी बिटोली, पुत्री रिया, प्रिया, जिया, पिता बिहारी, भाई कमलजीत सहित सभी परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है । प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।