रायबरेली: तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जोश और जुनून देखने को मिला। आजादी के पर्व से पहले पीएसी के जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में पीएसी के जवान शामिल हुए। तिरंगा यात्रा पीएसी वाहिनी से शुरू होकर गोरा बाजार तक पहुंची। इस दौरान जवान पूरे उत्साह और उमंग के साथ कदमताल करते नजर आए। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। जवानों ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और तिरंगे के सम्मान का संदेश भी दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा में पीएसी कमांडर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई इस तिरंगा यात्रा ने लोगों में भी देशभक्ति की भावना को मजबूत किया। सड़क पर मौजूद लोगों ने जवानों का उत्साह बढ़ाया और तिरंगे को सम्मान दिया। पीएसी जवानों की यह यात्रा न सिर्फ देशप्रेम का संदेश देती नजर आई, बल्कि लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद भी दिलाती रही।