रायबरेली में लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे देवी रामलीला मैदान मोहल्ले में रविवार को रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मोहल्ले में रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला कई बार तहसील और पुलिस तक पहुंचा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। विवाद में एक पक्ष से अजमेर, मंजू सोनी और कमला गंभीर रूप से घायल हुए। दूसरे पक्ष से सौरभ, प्रदीप और संतोष को चोटें आईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां अजमेर और प्रदीप की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में ईंट-पत्थर लेकर दौड़ाया। प्रदीप इलाज के बाद बाहर एंबुलेंस का इंतजार कर रहा था। तभी अजमेर की हालत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रदीप और संतोष को ईंट-पत्थर लेकर दौड़ा लिया। अस्पताल में मौजूद सिपाही साजन ने तुरंत हस्तक्षेप किया। दोनों युवकों को भागने को कहा। उनके हाथों से ईंट-पत्थर छीनकर दूर फेंका। दोनों युवक जान बचाकर करीब 500 मीटर दूर चमनगंज मोहल्ले में एक घर में घुस गए। भीड़ वहां भी पहुंच गई। पीछे-पीछे सिपाही साजन भी दौड़ते हुए पहुंचे। घरवालों से निवेदन कर दोनों को अंदर सुरक्षित कराया। इस दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। अजमेर को रेफर करने के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने तत्परता दिखाई। अपने वाहन से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।