रायबरेली में हमले में घायल महिला की मौत हो गई। घटना बछरावां कोतवाली क्षेत्र के रामबक्स खेड़ा मजरे सराय उमर गांव की है। यहां की रहने वाली प्रेम कुमारी (58) पत्नी हुबलाल की मौत हुई है। चार दिन पहले मंगलवार प्रेम कुमारी की बहू सविता पत्नी शीतला प्रसाद ने अपने भाई दीपू पुत्र रामानंद निवासी अघौरा के साथ मिलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करके लहूलुहान कर दिया था। उसे सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। मामले में पुलिस केस दर्ज करके जांच कर रही है। शनिवार सुबह इलाज के दौरान प्रेम कुमारी ने दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजनों ने अघौरा गांव के पास शव को बांदा-बहराइच हाईवे पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर जाम लग गया। हाईवे जाम होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ प्रदीप कुमार के समझाने के बाद ग्रामीण मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पूर्व में केस दर्ज किया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच करके कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।