रायबरेली में जगतपुर क्षेत्र के पूरे इच्छा सिंह मजरे बिन्नावां गांव में खेत में बिजली का खंभा लगाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। विरोध के चलते काफी देर तक काम रुका रहा। किसानों ने कार्यदायी एजेंसी के कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप लगाया। काम बंद होने पर पावर कॉर्पोरेशन और राजस्व टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। पैमाइश के बाद बिजली का पोल चकरोड़ मार्ग के किनारे लगाया। इसके बाद ग्रामीण सहमत हुए। विद्युत उपकेंद्र गदागंज से नलकूप किसानों के लिए स्वतंत्र फीडर का निर्माण कराया जा रहा है। पूरे इच्छा सिंह मजरे बिन्नवां गांव निवासी रावेंद्र सिंह के खेत में बिजली का खंभा लगाने के लिए खोदाई शुरू कर दी। जानकारी होने पर रावेंद्र के बेटे दीपक, अंकित मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। बताया कि उनके खेत में पहले से ही बिजली के पोल लगे हैं। अब दूसरी जगह फिर से खंभे लगाए जा रहे हैं। किसानों के विरोध के बाद काम बंद हो गया। सूचना पर पुलिस और राजस्व टीम के साथ पावर कॉर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंची। लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। इसके बाद बिजली का खंभा चकरोड़ के किनारे लगाया गया। इसके बाद किसान सहमत हुए। थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि पैमाइश के बाद चकरोड़ के किनारे बिजली का खंभा लगवाया गया है। किसी प्रकार की कोई अभद्रता नहीं हुई।