रायबरेली में दो ब्लॉकों में डलमऊ पंप कैनाल नहर में बने क्षतिग्रस्त पांच पुलों का अब नए सिरे से निर्माण होगा। सिंचाई विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने इसकी हरी झंडी दे दी है। नए पुल बनने से 50 हजार लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। अरसे से लोग पुलों को बनाए जाने की मांग लोग कर रहे थे। डलमऊ गंग नहर से पंप कैनाल निकला है। इस नहर से किसान फसलों की सिंचाई भी करते हैं। वैसे तो कैनाल नहर में करीब 30 पुल बने हैं, लेकिन पांच पुल क्षतिग्रस्त हैं। किसी की रेलिंग टूटी है तो किसी की छत धंस गई है। इससे पुलों के ऊपर से भारी वाहन नहीं निकल पाते हैं। हालात ये हैं कि पुलों के क्षतिग्रस्त होने से चार पहिया वाहन चालकों को कई किमी का चक्कर काटकर निकलना पड़ता है। इससे 50 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह क्षतिग्रस्त पुल दीनशाह गौरा और जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में पड़ते हैं। सिंचाई विभाग ने पुलों को नए सिरे से बनाने के लिए शासन को बीते दिनों प्रस्ताव भेजा था। अब शासन ने क्षतिग्रस्त पुलों को नए तरीके से बनाए जाने की संस्तुति दे दी है। नए पुल बनाने में छह करोड़ रुपये का खर्च आएगा। अगले माह तक शासन की ओर से बजट भी उपलब्ध करा दिया जाएगा।