रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में साइकिल सवार श्रमिक को डंपर ने रौंद दिया। यह हादसा खोजनपुर गांव के पास रायबरेली- प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन बाईपास पर हुआ। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। क्षेत्र के डूड़ी बाग मजरे मतरौली निवासी विजय बहादुर (45) पुत्र जगमोहन एनटीपीसी में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे वह साइकिल से काम पर गए थे। दोपहर में घर वापस जा रहे थे। बाईपास पर प्रयागराज से रायबरेली की ओर जा रहे डंपर ने उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद लोगों ने डंपर को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक डंपर लेकर भागने लगा। लोगों ने शोर मचाया तो कुछ वाहन चालकों ने किसी तरह डंपर को रोका। इस दौरान डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस आई और डंपर को कोतवाली ले गई। मृतक की पत्नी किरन ने डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। मौत से घर में मचा कोहराम विजय बहादुर अपने पीछे पत्नी किरन, चार बेटियों निधि, इति, अंशी व मानशी, बेटे यश व अंश को छोड़ गये हैं। उन्होंने बेटी निधि व इति की शादी कर दी है। तीसरी बेटी अंशी की शादी तय है। उन्होंने गोद भराई की रस्म भी पूरी करा दी है, लेकिन उसकी शादी से पहले ही वह दुनिया छोड़ गए। घटना से परिवार के लोग सदमे हैं। पत्नी व बेटियों के आंसू नहीं थम रहें हैं।