पीलीभीत में भाई दूज के पर्व पर बुधवार को ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। बरेली-शाहजहांपुर रूट पर संचालित पैसेंजर ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरकर रवाना हुईं। वहीं पीलीभीत से बरेली, टनकपुर, खटीमा और शाहजहांपुर जाने वाली ट्रेनों के इंतजार में बड़ी संख्या में यात्री जंक्शन पर जमा रहे। भीड़ के चलते यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनों में बैठने की जगह नहीं मिलने से यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद स्टेशन पर व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आईं। प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सहूलियत देने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखे। इससे महिला यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हुई।