पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर पट्टी के मुख्य चौराहे पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते बचा। गजरौला की तरफ से आ रहे एक डंपर चालक ने लापरवाही के चलते चौराहे पर लगे स्वागत द्वार और दो बिजली के पोलों को तोड़ दिया। गनीमत रही कि बरसात के कारण 11 हजार की हाईवोल्टेज लाइन की सप्लाई बंद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक डंपर गजरौला की तरफ से बरखेड़ा आ रहा था। डंपर का पिछला हिस्सा (डाला) ऊपर की तरफ उठा हुआ था, जिसे चालक नीचे करना भूल गया था। जैसे ही डंपर दौलतपुर पट्टी चौराहे पर पहुंचा, उसका उठा हुआ हिस्सा वहां लगे स्वागत द्वार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज के साथ स्वागत द्वार टूटकर डंपर के ऊपर ही गिर गया और बिजली के तार डंपर में उलझ गए। स्वागत द्वार को गिराते हुए डंपर पास ही खड़े बिजली के दो पोलों से जा टकराया, जिससे दोनों पोल उखड़ गए। पोल गिरने की वजह से पास में ही स्थित ग्रामीण फूलचंद का खोखा और झोपड़ी भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।