पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बरेली की 20 वर्षीय छात्रा कशिश पटेल पर सहपाठी छात्र ने मंगलवार को चाकू से हमला कर दिया। भोजीपुरा के निजी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा कशिश के शव का बरेली में पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतका के पिता रोहिदास पटेल भुता थाने के गांव केसरपुर के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कशिश पटेल एक वर्ष से पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग का कोर्स कर रही थी और हॉस्टल में रहती थी। बताया कि उन्हें घटना की सही वजह नहीं पता लेकिन ये बताया गया कि उसका वहां एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद के चलते मंगलवार सुबह करीब आठ बजे युवक ने कशिश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बरेली रेफर कर दिया, लेकिन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कशिश की मौत से मां गिरिजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।