मुजफ्फरनगर में कुपोषण के खिलाफ एक मजबूत पहल करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने शनिवार को पोषण अभियान 'संभव-5' की शुरुआत की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराते हुए नवजात बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया, जिससे कार्यक्रम में भावनात्मक और जागरूकता का सशक्त संदेश गया। कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में हुआ, जहां मंत्री ने महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की सभी योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियान में कोई कोताही न हो, और पोषण संबंधी जानकारी वॉल पेंटिंग व अन्य माध्यमों से आमजन तक पहुंचाई जाए। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत एक पौधा भी भेंट किया। कार्यक्रम में 150 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं, जिन्होंने रैली में भाग लिया और मंत्री के मार्गदर्शन में विभागीय स्टॉल का निरीक्षण भी कराया। मंत्री मौर्य ने कहा कि बच्चों में कुपोषण रोकने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सक्रिय किया जाए और महिलाओं को भी सही समय पर पोषण व देखभाल के प्रति सजग किया जाए। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सीडीओ कमल किशोर कंडारकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी शक्तिशरण, डॉ. राजीव कुमार, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।