दिल्ली रोड स्थित मझोली चौराहे के बंद कट को खुलवाने के लिए सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अफसर से मुलाकात की। लोगों का कहना है कि जल्द कट खुलने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा के दौरान कट को अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा, बाकी दिनों में कट खुला रहेगा। इससे पहले रविवार को क्षेत्रवासियों ने खुशहालपुर से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की थी। अभियान में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हिस्सा लेकर प्रशासन से जनहित में कट तत्काल खोलने की मांग उठाई थी। स्थानीय लोगों का कहना है समस्या का हल निकालकर ही दम लेंगे। बहुजन समन्वय समिति के पदाधिकारी चंदन सिंह रैदास ने बताया कि कट बंद होने से करीब तीन लाख आबादी प्रभावित हो रही है। हजारों वाहन चालकों को रोज लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जबकि कई लोग मजबूरी में गलत दिशा से वाहन निकाल रहे हैं। इससे दिल्ली रोड पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मझोली चौराहा मझोला, मझोली, खुशहालपुर, बुद्धि विहार, प्रकाश नगर, सूर्य नगर, मंडी समिति, काशीराम नगर, शाहपुर तिगरी, डिडोरा, डिडौरी, बैंक कॉलोनी और प्रीत विहार समेत कई इलाकों की मुख्य कड़ी है। उद्योग बंधु की बैठक में कट खुलवाने के मुद्दे पर सहमति बनने के बावजूद निगम ने इसे बंद कर दिया। कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन देने वालों में बहुजन समन्वय समिति से चंदन सिंह रैदास, पाल महासभा राजेश पाल, प्रजापति समाज समिति से राजू प्रजापति, सामाजिक कार्यकर्ता अजय सैनी आदि मौजूद रहे।