मेरठ में गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा सीता माता के बाहर सिख समाज के लोगों ने छबील लगाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को शर्बत वितरित किया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने शर्बत ग्रहण कर सेवा का लाभ उठाया। इस अवसर पर वक्ताओं ने गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन मानवता, सेवा, त्याग और धर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे और परोपकार का संदेश देती हैं। सिख समाज के लोगों ने श्रद्धाभाव के साथ सेवा कार्य करते हुए आने-जाने वाले लोगों को शर्बत पिलाया। कार्यक्रम के दौरान गुरु अर्जुन देव जी के बताए मार्ग पर चलने और मानव सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया गया।