हस्तिनापुर कस्बे के बंगाली बाजार चौराहे पर आयोजित पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर मां के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा की। आरती में भी भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की। कमेटी के पदाधिकारी बबलू विश्वास, नारायण नियोगी, रतन विश्वास, सुभाष चंद्र, आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार को माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।