मेरठ में चीनी मांझे से बढ़ रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस का अभियान वसंत पंचमी के मद्देनजर जारी है। शनिवार को कई थाना क्षेत्रों में दुकानों और गोदामों पर छापा मारकर तलाशी ली गई। पुलिस ने लोगों से अपने बच्चों को चीनी मांझा इस्तेमाल करने से रोकने की अपील भी की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि चीनी मांझे की बिक्री रोकने के लिए शहर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत पुलिस की कई टीमों ने पतंग की दुकानों और गोदामों पर छापा मारकर तलाशी ली। विभिन्न थानों में पुलिस टीमों ने दुकानदाराें और कारोबारियों को चेतावनी दी कि चीनी मांझा पकड़े जाने पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सात जनवरी को बाइक सवार मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी सुहेल की चीनी मांझे से गर्दन कटने से मौत हो गई थी। पीछे बैठा दोस्त नवाजिश भी घायल हो गया था। इससे पहले भी चीनी मांझे से लोगों के गंभीर घायल होने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में जिले की पुलिस चीन मांझे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।