मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में शनिवार को आवास एवं विकास परिषद ने सेटबैक अभियान के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान के पहले दिन हिस्ट्रीशीटर अमित चौधरी उर्फ अमित मिरिंडा के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चलाकर अनाधिकृत निर्माण को ध्वस्त किया गया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे आवास विकास परिषद की टीम जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू करने से पहले पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारों ओर से सील कर दिया गया। इसके बाद मकान में निर्धारित मानकों के विपरीत किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सेटबैक नियमों के उल्लंघन और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। अमित चौधरी उर्फ अमित मिरिंडा मेरठ के नौचंदी थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जाता है और मेडिकल थाना क्षेत्र के डी-155 गैंग का सरगना माना जाता है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। सेंट्रल मार्केट में शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य भवन स्वामियों के बीच भी हलचल बढ़ गई है। आवास विकास परिषद की ओर से नियमों के उल्लंघन वाले निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।