धनपुर गांव में बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या के मामले में रविवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद उनका शव घर पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। बीएसएफ के अधिकारी भी जवान को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए गांव पहुंचे। वहीं, नैन सिंह की हत्या की सूचना मिलते ही दो साल से अलग रह रही उनकी पत्नी कोमल बच्चों को लेकर घर पहुंच गई। जैसलमेर से उनके छोटे भाई और बीएसएफ जवान प्रदीप भी रविवार दोपहर गांव पहुंच गए। इस दौरान बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंचौली थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आईपीएस बजरंग प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।