बंटोगे तो कटोगे की सियासत करने वाली भाजपा देश के संविधान की मूल भावना का अनादर करती है। ये लोग भारत के लोकतांत्रिक और सेक्युलर चरित्र को खत्म करना चाहते हैं। रविवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉली शर्मा ने बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में ये बातें कहीं। कहा कि भाजपा के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। हम राजनैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक तरीके से देश के मूल चरित्र को बचाए रखने के लिए लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सभी के शरीर में एक जैसा रक्त बहता है और यह लाल रक्त हमें जातियों और धर्माें में बंटने से रोकता है और एक रखता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉली शर्मा ने संभल प्रकरण की कड़ी जांच की मांग की। कहा कि पुलिस से हटाकर एजेंसी को मामला दिया जाए ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। आरोप लगाया कि कुंदरकी चुनाव में घपला हुआ। वहां कमरा बंद करके धड़ाधड़ वोट डाले गए। राहुल गांधी को संवैधानिक हक है संभल जाने का। सरकार के अनुसार सब कुछ ठीक है तो वहां जाने क्यों नहीं दिया जा रहा। उन्होंने बताया कि सोमवार को सोनिया गांधी का जन्मदिन हर जनपद में मनाया जाएगा। कहा कि महिला आरक्षण बिल कांग्रेस लाई और सोनिया गांधी ने ही उसे सदन में पास कराया था।