सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें, वो आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसा नहीं करने से अनावश्यक आने वाली परेशानियों से दूरी बनी रहेगी। वर्तमान समय में देश की सीमा पर तैनात रहकर और लड़ाकू विमान उड़ाकर देश की बेटियां दुश्मनों से देशवासियों को सुरक्षित कर रही हैं। देश के अंदर भी सरकारी सेवाओं में तैनात होकर बेटियां समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने में योगदान दे रही हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने ये बातें सोमवार को शारदा नारायण नर्सिंग कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के सवालों के बेहतर तरीके से जवाब दिए। छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। महिलाएं और बालिकाएं अपनी समस्या पुलिस को बताएं, बिना नाम उजागर किए आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई होगी। वाराणसी जोन में पुलिस से शिकायत या अपराध की गोपनीय सूचना देने के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर (7839860411) छात्राओं से साझा किया। बताया कि यह पुलिस सतर्क मित्र पहल के तहत काम करता है, जहां आप फोटो, वीडियो या टेक्स्ट के माध्यम से अपनी पहचान गुप्त रखकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर या निजी फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर क्राइम पोर्टल 1930 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। बताया कि हर थानों में अंदर बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इससे स्थानीय पुलिस किसी के भी साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकती है। इस दौरान नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. संजय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।